तुम्हें विरासत में बहुत कुछ मिला है विराट, उसे यूं जाया न करो
by Laxmi Shankar Mishra
प्यारे विराट,
तुम आक्रामक हो...दुनिया के बेस्ट बैट्समैन हो...तुम्हारी बैटिंग की
दीवानी पूरी दुनिया है....तुम हर गेंदबाज की बखिया उधेड़ सकते हो...बहुत हुनर है
तुममें...बहुत क्रिकेट है तुममें..... हमें नाज है तुम पर... और चूंकि तुम देश की
टीम के कप्तान भी हो तो तुम्हारे प्रति हमारी उम्मीदें और बढ़ जाती हैं......पर,
पिछले कुछ दिनों में तुमने हमारी उम्मीदों को थोड़ा झटका दिया है...
न..न विराट हम पाकिस्तान से हार की बात तो कर ही नहीं रहे हैं....हार-जीत
तो होती रहती है विराट...ये खेल है...कोई एक जीतेगा और दूसरा हारेगा....हमें पाक
पर हार से उतना दुख नहीं हुआ जितना दुख उन आरोपों से हुआ है और हो रहा है जो तुम
पर लग रहे हैं....पता नहीं आरोपों में कितनी सच्चाई है लेकिन जब तक तुम सामने आकर
अपनी बात रखोगे नहीं तब तक तो ये बातें तो हमें कचोटती ही रहेंगी...
खैर, मैं यहां इन आरोपों को भी छोड़ देता हूं...मान लेता हूं और चाहता
भी हूं कि ये आरोप सच न हों....फिर भी एक बात है विराट जो मुझे बेहतरह कचोटती है,
वो है तुम्हारी आक्रामकता में दंभ का मिक्स होना...आक्रामक होना बुरा नहीं है
विराट लेकिन दंभ, घमंड....क्यूं.?..किसलिए विराट ?
विराट तुम बहुत भाग्यशाली हो कि तुम्हें विरासत में दुनिया की सबसे
मजबूत टीम मिली हुई है...तुम और भी खुशनसीब हो विराट कि मैदान पर अभी तुम्हारे लिए
एक ऐसा खिलाड़ी मौजूद है जिसने विरासत में तुम्हें ये खूबसूरत और मजबूत टीम सौंपी
है.... हां, विराट मैं महेंद्र सिंह धौनी की ही बात कर रहा हूं....
विराट ये तो तुम भी मानते हो धौनी अनमोल हैं...उनके टिप्स तुम्हारे
लिए किसी संजीवनी की तरह होते हैं जो मैच का रुख कभी भी मोड़ देते हैं....तो धौनी
से कुछ सीखते क्यूं नहीं विराट..मैं जानता हूं कि तुम धौनी नहीं बन सकते..मैं ये
भी जानता हूं कि धौनी कभी विराट नहीं बन सकते...पर, कुछ चीजें तो ऐसी होती हैं जो
कि साझा किया जा सकता है....मैं चाहता हूं विराट कि तुम धौनी से उनकी शालीनता सीख
लो...तुम आक्रामक बने रहो...वो तो तुम्हारी यूएसपी है लेकिन अगर साथ में धौनी जैसी
शालीनता भी आ जाए तो सोने पर सुहागा हो जाए...
अगर कुछ सीख सकते हो तो
विराट धौनी सा धैर्य रखना सीख लो....विपरीत परिस्थितियों में भी अपने धैर्य को
बनाए रखते हुए कैसे मैच का रुख अपनी तरफ मोड़ लेना है ये काबिलियत चुनिंदा
कप्तानों में ही होती है विराट....ये काबिलियत धोनी में रही है...बड़ी से बड़ी
ट्राफी जीतकर शालीनता का चादर ओढ़े रखना महानता का प्रतीक है विराट....वो बताता है
कि कितना गहराई है खिलाड़ी के भीतर...और इन्हीं सब गुणों के कारण धौनी न सिर्फ
दुनिया के महान कप्तानों में शुमार हैं बल्कि सबके दिलों में भी अपने लिए विशेष
जगह रखते हैं....
और चूंकि विराट तुम धौनी के उत्तराधिकारी हो...धौनी के बाद टीम के
नायक हो तो हम चाहते हैं कि तुम भी उस खास मुकाम को हासिल करो....क्यूंकि आने वाले
दिनों में धौनी नहीं होंगे...पर, हमारे पास तब धौनी और विराट का संगम होगा.. और
फिर दुनिया की कोई ताकत हमें मात नहीं दे पाएगी....
आपका शुभचिंतक
एक भारतीय क्रिकेटप्रेमी



Comments
Post a Comment